Google Android Scam Alert: टेक दिग्गज कंपनी गूगल ने चुपचाप एंड्रॉयड यूज़र्स के लिए एक ऐसा सुरक्षा फीचर लॉन्च किया है, जो आने वाले समय में लाखों लोगों को फोन स्कैम से बचा सकता है. बैंक फ्रॉड और फर्जी कॉल्स के बढ़ते मामलों के बीच यह अपडेट बिल्कुल सही समय पर आया है.
अक्सर होता यह है कि कोई खुद को बैंक अधिकारी बताकर आपको कॉल करता है, ज़रूरी होने का नाटक करता है और मिनटों में आपको पेमेंट ऐप खोलने के लिए मजबूर कर देता है. गूगल इसी खतरनाक पल को रोकने की कोशिश कर रहा है.
कैसे काम करता है नया एंड्रॉयड सेफ़्टी फीचर?
यह फीचर तभी एक्टिव होता है जब दो स्थितियां एक साथ मिलती हैं:
- आप किसी ऐसे नंबर पर बात कर रहे हों, जो आपकी कॉन्टैक्ट लिस्ट में नहीं है.
- इसी दौरान आप कोई फाइनेंशियल ऐप खोलें.
जैसे ही एंड्रॉयड इस कॉम्बिनेशन को पकड़ता है, फोन पर तुरंत एक बड़ा, फुल-स्क्रीन वार्निंग मैसेज दिखाई देता है – ‘सावधान! यह कॉल जोखिम भरी हो सकती है.’
इस स्क्रीन के ज़रिए आप एक टैप में कॉल काट सकते हैं या स्क्रीन शेयरिंग ब्लॉक कर सकते हैं, जिससे स्कैम होने की संभावना काफी हद तक खत्म हो जाती है.
30 सेकंड का ‘सेफ़्टी ब्रेक’ भी देता है फोन
अगर आप फिर भी आगे बढ़ना चाहें, तो एंड्रॉयड 30 सेकंड की देरी डालता है. गूगल का कहना है कि यह देरी जानबूझकर रखी गई है ताकि यूज़र किसी घबराहट या दबाव में गलत फैसला न ले लें. अक्सर फ्रॉड तभी होता है जब व्यक्ति जल्दबाज़ी में सोचे बिना ट्रांजैक्शन कर देता है.
भारत इस फीचर के लॉन्च में सबसे आगे
गूगल ने साफ कहा है कि भारत इस सेफ़्टी फीचर का पायलट ज़ोन है. यहां इसे पहले चरण में तीन प्रमुख ऐप्स के साथ लागू किया जा रहा है:
- Google Pay
- Navi
- PayTM
Android 11 और उससे ऊपर चलने वाले फोन में यह चेतावनी तब दिखाई देगी जब यूज़र किसी अंजान कॉलर के साथ स्क्रीन शेयर कर रहा हो और साथ ही ये ऐप खोलता हो.
पहले भी बचाई हैं हज़ारों लोगों की मेहनत की कमाई
गूगल ने बताया कि इसी तरह का फीचर यूके में पहले टेस्ट किया गया था, जहां इसने हज़ारों लोगों को स्कैम कॉल्स से समय रहते बाहर निकलने में मदद की. सफलता से उत्साहित होकर गूगल ने इसे यूके के ज़्यादातर बड़े बैंकों तक बढ़ाया और अब इसका विस्तार भारत और ब्राज़ील जैसे देशों में किया जा रहा है.
कुल मिलाकर, बढ़ते डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन धोखाधड़ी के बीच गूगल का यह नया एंड्रॉयड फीचर एक तरह से सुरक्षा कवच की तरह काम करेगा. यह लोगों को उसी समय चेतावनी देता है जब स्कैम का सबसे ज़्यादा खतरा होता है फोन कॉल और पैसे का लेनदेन. भारत में इसकी शुरुआती टेस्टिंग इसे और भी खास बनाती है.
ये भी देखिए:















