Mahindra XUV 7XO: Mahindra एंड Mahindra भारतीय बाजार में अपनी लोकप्रिय SUV XUV700 के फेसलिफ्ट वर्जन को जल्द लॉन्च करने जा रही है. कंपनी ने अब इस SUV के नए नाम और लॉन्च से जुड़ी अहम तारीखों की पुष्टि कर दी है. XUV700 फेसलिफ्ट को अब Mahindra XUV 7XO के नाम से पेश किया जाएगा.
बुकिंग और लॉन्च डेट हुई कंफर्म
महिंद्रा ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि Mahindra XUV 7XO की प्री-बुकिंग 15 दिसंबर से शुरू होगी, जबकि इसकी ऑफिशियल लॉन्चिंग 5 जनवरी को की जाएगी. मौजूदा XUV700 को पहली बार 14 अगस्त 2021 को लॉन्च किया गया था और तब से अब तक इसकी 3 लाख से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं, जो इसकी लोकप्रियता को साफ दिखाता है.
फिलहाल Mahindra XUV700 की कीमत ₹13.65 लाख से ₹25.14 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच है.
इंजन में नहीं होगा बड़ा बदलाव
Mahindra XUV 7XO फेसलिफ्ट में मौजूदा XUV700 वाले इंजन ऑप्शन ही मिलने की उम्मीद है. इसमें 2.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 197hp की पावर और 380Nm का टॉर्क जनरेट करता है. यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आएगा.
इसके अलावा इसमें 2.2 लीटर डीजल इंजन भी मिलेगा, जो दो ट्यून में आएगा. लो ट्यून वर्जन 153hp और 360Nm देता है, जबकि हाई ट्यून वर्जन 182hp की पावर और 420Nm (मैनुअल) व 450Nm (ऑटोमैटिक) का टॉर्क जनरेट करता है. डीजल वेरिएंट्स की डिमांड आगे भी ज्यादा रहने की उम्मीद है. महिंद्रा इसमें AWD ऑप्शन को भी बरकरार रख सकती है.
डिजाइन में दिखेगा नया अंदाज
Mahindra XUV 7XO का डिजाइन कंपनी की हाल ही में लॉन्च हुई XEV 9S इलेक्ट्रिक SUV से इंस्पायर्ड हो सकता है. उम्मीद है कि इस SUV में ज्यादा सीधा और दमदार फ्रंट लुक, फुल-विड्थ LED DRL, नए LED हेडलैंप्स और नया ग्रिल डिजाइन मिलेगा. पीछे की तरफ नए टेललैंप्स और नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स भी देखने को मिल सकते हैं.
केबिन में होंगे बड़े बदलाव
XUV 7XO के इंटीरियर में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. इसमें ट्रिपल-स्क्रीन लेआउट मिलने की संभावना है, जो इसे ज्यादा प्रीमियम बनाएगा. साथ ही इसमें Harman Kardon ऑडियो सिस्टम के साथ Dolby Atmos सपोर्ट भी दिया जा सकता है. क्लाइमेट कंट्रोल पैनल को भी नए लेआउट के साथ अपडेट किया जा सकता है.
सेफ्टी के मामले में भी SUV और ज्यादा एडवांस हो सकती है. मौजूदा फीचर्स के अलावा इसमें Level 2+ ADAS टेक्नोलॉजी जोड़े जाने की उम्मीद है.
संभावित कीमत और मुकाबला
Mahindra XUV 7XO फेसलिफ्ट की अनुमानित कीमत ₹14 लाख से ₹26 लाख (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है. बाजार में इसका सीधा मुकाबला Tata Safari और MG Hector Plus जैसी SUVs से होगा.
कुल मिलाकर, नया नाम, अपडेटेड डिजाइन और एडवांस फीचर्स के साथ Mahindra XUV 7XO भारतीय SUV सेगमेंट में फिर से हलचल मचाने के लिए पूरी तरह तैयार दिख रही है.
ये भी देखिए:















