Neha Kakkar Success Story: हिंदी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में किसी भी आउटसाइडर के लिए बिना गॉडफादर के जगह बनाना आसान नहीं होता. ऐसे में नेहा कक्कड़ का नाम उन सितारों में आता है, जिन्होंने कठिन संघर्ष के बावजूद अपनी मेहनत और टैलेंट से सफलता हासिल की.
नेहा का जन्म ऋषिकेश के एक साधारण परिवार में हुआ. जब वह सिर्फ चार साल की थीं, तो उनका परिवार दिल्ली आ गया. वहां परिवार अपने गुजारे के लिए धार्मिक समारोहों में प्रस्तुति देता था. छोटे नेहा ने भी इसी उम्र में गायकी शुरू कर दी.
इंडियन आइडल में उन्होंने याद करते हुए बताया, ‘मैं चार साल की उम्र से गा रही हूं. प्रदर्शन अक्सर सुबह तक चलते रहते थे और कभी-कभी हमारी मेहनत की कद्र भी नहीं होती थी. घंटों गाने का मतलब था कि मैं अगले दिन स्कूल नहीं जा पाती थी.’
पिता की रेहड़ी और आर्थिक तंगी
नेहा के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी. उनके पिता सोनू जी दिल्ली के कॉलेजों के बाहर समोसे बेचते थे. नेहा बताती हैं कि कॉलेज के स्टूडेंट उन्हें चिढ़ाया करते थे और यह देखकर उन्हें बहुत दुख होता था. इन कठिन हालातों ने नेहा को मजबूत बनाया और उन्होंने ठान लिया कि एक दिन वह अपनी मेहनत से नाम कमाएंगी.
म्यूजिक की सीख और पहला बड़ा कदम
नेहा ने औपचारिक रूप से संगीत की ट्रेनिंग नहीं ली थी. उन्होंने अपने कानों से गाना सीखा और धीरे-धीरे खुद को तराशा. 16 साल की उम्र में नेहा मुंबई इंडियन आइडल के ऑडिशन के लिए आईं. हालांकि उन्होंने शो का खिताब नहीं जीता, लेकिन यही उनकी जिंदगी का नया मोड़ साबित हुआ.
रेडियो सिटी को दिए इंटरव्यू में नेहा ने बताया, ‘मैंने कभी औपचारिक रूप से संगीत नहीं सीखा. मुझे नहीं पता था कि सरगम क्या होती है. लेकिन मैं बस लोगों को सुनती और गाती रहती थी। इसी तरह मेरा सफर शुरू हुआ.’
फिल्म ‘कॉकटेल’ और ब्रेक
साल 2012 में फिल्म ‘कॉकटेल’ के गाने ‘सेकंड हैंड जवानी’ ने नेहा की जिंदगी बदल दी. यह गाना रिलीज होते ही हिट हो गया और नेहा को पहचान दिलाई. इसके बाद उन्होंने ‘लंदन ठुमकदा’, ‘टुकुर टुकुर’ और कई हिट गाने दिए. आज नेहा कक्कड़ करोड़ों रुपये चार्ज करने वाली एक सफल प्लेबैक सिंगर बन चुकी हैं.
संघर्ष से सफलता की प्रेरणा
नेहा कक्कड़ की कहानी यह दिखाती है कि आर्थिक तंगी, संघर्ष और समाज की चुनौतियों के बावजूद अगर मेहनत और जुनून साथ हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं. उनकी आवाज़ ने करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनाई और उन्हें बी-टाउन का चमकता सितारा बना दिया.
ये भी देखिए:
Stree से Bhool Bhulaiyaa तक! देखिए Amazon Prime और JioHotstar पर टॉप 9 हिंदी हॉरर-कॉमेडी फिल्में
















