Ayushmann Khurrana Success Story: बॉलीवुड में बाहरी लोगों के लिए जगह बनाना आसान नहीं होता है. यहां बड़े-बड़े नाम और बड़े-बड़े प्रोडक्शन हाउस अपना सिक्का जमाए बैठे हैं. लेकिन इसी इंडस्ट्री में एक ऐसा लड़का आया जिसने न सिर्फ अपनी पहचान बनाई, बल्कि हर फिल्म के साथ अपने लिए एक अलग ही मुकाम हासिल कर लिया. और ये शख्स कोई और नहीं, बल्कि है आयुष्मान खुराना.
ट्रेन से शुरू हुआ सफर
चंडीगढ़ के एक मिडिल-क्लास परिवार से निकले आयुष्मान की शुरुआत बड़ी ही अनोखी थी. 2017 में फिल्म मेरी प्यारी बिंदु प्रमोट करते हुए उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों में वो और उनके दोस्त पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़कर कोच-कोच घूमते और गाना गाते थे. यात्री उन्हें पैसे देते और उन्हीं पैसों से उन्होंने अपनी गोवा ट्रिप फंड कर डाली थी. यही वजह है कि उन्होंने खुद को मजाक में ‘ट्रेन सिंगर’ कहा था.

पिता का डिक्टेटर वाला अंदाज़
लेकिन आयुष्मान का बचपन आसान नहीं था. उन्होंने Honestly Saying पॉडकास्ट में बताया कि उनके पिता बहुत सख्त थे. बेल्ट और चप्पल से पिटाई होना उनके बचपन का हिस्सा था. एक बार तो सिर्फ इसलिए मार पड़े क्योंकि उनकी शर्ट से सिगरेट की गंध आ रही थी — जबकि उन्होंने सिगरेट को कभी छुआ तक नहीं. ये सख्ती भले ही दर्दनाक थी, लेकिन शायद उसी ने उन्हें और मजबूत बना दिया.
करण जौहर से रिजेक्शन की कहानी
आज आयुष्मान जहां हैं, वहां पहुंचने के लिए उन्हें भी रिजेक्शन झेलना पड़ा. कॉफी विद करण 6 में उन्होंने खुलासा किया था कि जब वो करियर की शुरुआत कर रहे थे, तब करण जौहर ने उनका ऑडिशन तक लेने से मना कर दिया था. फोन पर साफ कह दिया गया, ‘हम आउटसाइडर्स और न्यूकमर्स का ऑडिशन नहीं लेते.’ आज वही आयुष्मान बिना किसी बड़े बैनर के सहारे कई 100 करोड़ की हिट फिल्में दे चुके हैं.
हिट मशीन बने आयुष्मान
विकी डोनर से लेकर आर्टिकल 15, बधाई हो, अंधाधुन, ड्रीम गर्ल और एन एक्शन हीरो जैसी फिल्मों से उन्होंने दिखा दिया कि चाहे कंटेंट-ड्रिवन सिनेमा हो या मसालेदार एंटरटेनमेंट, आयुष्मान हर तरह की फिल्म में फिट बैठते हैं. साथ ही उनकी आवाज़ में गाए गाने ‘पानी दा रंग’, ‘सद्दी गली’ और ‘नैना दा क्या कसूर’ आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में टॉप पर हैं.
अब एंट्री Maddock Horror Comedy Universe में
अब आयुष्मान फिर से बड़े धमाके के साथ वापसी कर रहे हैं. उनकी अगली फिल्म है ‘थामा’, जो Maddock Horror Comedy Universe का हिस्सा होगी. ‘स्त्री’, ‘भेड़िया’, ‘मुंज्या’ और ‘स्त्री 2’ की जबरदस्त कामयाबी के बाद अब ये सीरीज़ में पांचवीं फिल्म होगी.
इस फिल्म में आयुष्मान के साथ दिखेंगी रश्मिका मंदाना, और साथ ही परेश रावल और नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी जैसे दिग्गज कलाकार. आदित्य सरपोतदार के निर्देशन में बनी ये फिल्म 21 अक्टूबर, दिवाली के मौके पर रिलीज होगी. खास बात ये है कि बॉक्स ऑफिस पर इसका क्लैश होगा एक दीवाने की दीवानियत से, जिसमें होंगे हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा.
तो कह सकते हैं एक समय में ट्रेनों में गाकर गोवा ट्रिप फंड करने वाला ये लड़का अब बॉलीवुड की सबसे बड़ी फ्रेंचाइज़ी में लीड कर रहा है. ये है असली फिल्मी सफर… आउटसाइडर से सुपरस्टार तक, आयुष्मान खुराना का धांसू किस्सा.
ये भी देखिए:
















