Kia India: किआ इंडिया ने ऐलान किया है कि वह सरकार की ओर से लागू किए गए GST 2.0 का पूरा लाभ अपने ग्राहकों तक पहुंचाएगी. कंपनी ने कहा कि उसकी पूरी ICE (Internal Combustion Engine) पोर्टफोलियो की गाड़ियों पर यह फायदा 22 सितंबर 2025 से लागू हो जाएगा.
दरअसल, यह फैसला 3 सितंबर को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल मीटिंग के बाद लिया गया. सरकार ने पैसेंजर व्हीकल्स पर GST घटाने का बड़ा फैसला किया था.

किआ इंडिया के CEO का बयान
किआ इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO ग्वांग्गु ली ने इस फैसले पर खुशी जताई. उन्होंने कहा, ‘हम भारत सरकार के दूरदर्शी और नागरिक-हितैषी सुधारों का स्वागत करते हैं. पैसेंजर व्हीकल्स पर GST में कटौती एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे ग्राहकों के लिए गाड़ियां और भी किफायती होंगी और ऑटोमोबाइल सेक्टर को नई रफ्तार मिलेगी.’
उन्होंने आगे कहा कि यह सुधार टैक्स स्ट्रक्चर को सरल बनाता है और सरकार की सतत आर्थिक विकास व इनोवेटिव मोबिलिटी सॉल्यूशंस की प्रतिबद्धता को मजबूत करता है. साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले त्योहारी सीजन में इससे ग्राहकों की खरीदारी में बढ़ोतरी होगी.

मॉडल-वाइज लाभ की पूरी लिस्ट
किआ इंडिया ने अपनी ICE कार पोर्टफोलियो पर मॉडलवार कीमत में कटौती की घोषणा भी की. आइए देखें किस गाड़ी पर कितना फायदा मिलेगा:
- Kia Sonet: ₹1,64,471 तक
- Kia Syros: ₹1,86,003 तक
- Kia Seltos: ₹75,372 तक
- Kia Carens: ₹48,513 तक
- Kia Carens Clavis: ₹78,674 तक
- Kia Carnival: ₹4,48,542 तक

ग्राहकों को होगा सीधा फायदा
ऑटोमोबाइल सेक्टर के जानकारों का कहना है कि किआ का यह कदम न सिर्फ बिक्री को बढ़ावा देगा बल्कि ग्राहकों के लिए भी राहत लेकर आएगा. किआ के पॉपुलर मॉडल्स जैसे Sonet और Seltos की कीमतों में कमी से मिडिल क्लास फैमिली को बड़ा फायदा मिलेगा.
वहीं लग्जरी सेगमेंट में आने वाली Carnival पर सबसे ज्यादा ₹4.48 लाख तक की कटौती की गई है, जिससे प्रीमियम ग्राहकों की डिमांड भी तेज हो सकती है.
अब सभी की निगाहें 22 सितंबर 2025 पर टिकी हैं, जब यह नई कीमतें आधिकारिक तौर पर लागू होंगी. माना जा रहा है कि त्योहारी सीजन में किआ इंडिया की गाड़ियों की डिमांड रिकॉर्ड तोड़ सकती है.
ये भी देखिए:













